शाहपुर:- नगर में माचना जयंती का पावन उत्सव इस वर्ष बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे नगर में दिव्यता और भक्ति का वातावरण बना रहा। श्री राम मंदिर से भव्य शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा खेडापति मंदिर होते हुए माचना तट पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने जयघोष और भजन कीर्तन के बीच माचना मैया की मूर्ति की विधिवत स्थापना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां माचना का अभिषेक संपन्न हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। सायंकाल 7 बजे नगरवासी बड़ी संख्या में एकत्र हुए और दीपदान महोत्सव में भाग लेकर माचना तट को हजारों दीपों की पंक्तियों से आलोकित कर दिया। मां के चरणों में श्रद्धापूर्वक चूनरी अर्पण की गई, जिससे श्रद्धा की यह संध्या और भी पावन बन गई।
रात्रि 8 बजे से प्रारंभ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय बच्चों ने पारंपरिक नृत्य, गीत और लोक प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर भोपाल से पधारी साध्वी रंजना दीदी ने अपने मंगल आशीर्वचन में धर्म, संस्कृति और मातृशक्ति के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा कमलेश सिंह,समाजसेवी अरुण कुमार तिवारी, नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक, विशाल सिंह ठाकुर, समिति अध्यक्ष कमल किशोर परसाई, अनिल कुमार जैन, ओमप्रकाश गुप्ता, मोहन सोनी, जितेंद्र दीक्षित, देवेंद्र गुप्ता, सुनील घिघोडे सहित समिति के अनेक सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मनोज शुक्ल ‘हिंदुस्तानी’ ने किया। देर रात तक भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक उल्लास का यह आयोजन नगरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गया।
माचना तट पर दीपों की झिलमिलाहट के साथ जब मां की आरती गूंजी, तो लगा मानो सम्पूर्ण नगर भक्ति की एकाकार ज्योति में विलीन हो गया हो।



