बैतूल:- लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में चल रहे चैंपियंस कप 2025 के सातवें दिन रोमांचक मुकाबलों में महावीर वेदा, बैतूल अकादमी और महाकाल घोड़ाडोंगरी की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। दिन के पहले मुकाबले में महावीर वेदा और किसान इलेवन आमने-सामने हुए, जिसमें किसान इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। महावीर वेदा ने निर्धारित 10 ओवर में 124 रन बनाए, जिसमें प्रवीण गंगारे ने 32 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली जबकि कप्तान सचिन काका ने मात्र 10 गेंदों पर ताबड़तोड़ 33 रन ठोके। जवाब में किसान इलेवन की टीम 9 ओवर में 101 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और महावीर वेदा ने यह मुकाबला 23 रनों से अपने नाम किया। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच सचिन काका रहे, जिन्होंने दो ओवर में मात्र दो रन देकर चार विकेट झटके। तुषार परिहार ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में 16 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

दिन का दूसरा मुकाबला बैतूल अकादमी और पुष्पा इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पुष्पा इलेवन ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बैतूल अकादमी ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट खोकर 173 रन बनाए, जिसमें कप्तान निखिल रघुवंशी ने 22 गेंदों पर तूफानी 65 रन जड़े और कई गगनचुंबी छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुष्पा इलेवन की टीम 108 रन पर सिमट गई। पुष्पा इलेवन के कप्तान पुष्पा ने 16 गेंदों पर 35 रन की आतिशी पारी खेली जिसमें पांच छक्के शामिल थे। यह मुकाबला बैतूल अकादमी ने 65 रनों से जीता और मैन ऑफ द मैच रहे कप्तान निखिल रघुवंशी।
तीसरे मुकाबले में ताप्ती क्रिकेट क्लब मुलताई और महावीर वेदा की टीमें भिड़ीं। ताप्ती क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट पर 104 रन बनाए। जवाब में महावीर वेदा की टीम ने अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर 105 रन का लक्ष्य हासिल किया और मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच रहे प्रवीण गंगारे जिन्होंने 24 गेंदों पर 36 रन बनाए और दो ओवर में 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
दिन के अंतिम मुकाबले में ताप्ती क्लब मुलताई और महाकाल घोड़ाडोंगरी आमने-सामने हुए। ताप्ती क्लब की टीम 10 ओवर में 58 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। महाकाल घोड़ाडोंगरी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए दो विकेट खोकर 59 रन बना लिए और आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच योगेंद्र मालवी रहे जिन्होंने सात गेंदों पर 13 रन बनाए और दो ओवर में 16 रन देकर चार विकेट झटके।
- आज खेले जाएंगे क्वालीफायर मुकाबले
आज 30 अक्टूबर को खेले जाने वाले क्वालीफायर मुकाबलों में पहला मैच बैतूल अकादमी और पुलिस लीजेंड आरए स्पोर्ट्स के बीच खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। दूसरा मुकाबला यादव वॉरियर चिचोली और महावीर वेदा के बीच होगा, जिसमें जीतने वाली टीम क्वालीफायर वन की हारी हुई टीम से भिड़ेगी और विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी।



