बैतूल:- ग्राम विक्रमपुर में एकल अभियान के अंतर्गत हरि कथा संचालित संस्कार केंद्र द्वारा एक स्वास्थ्य शिविर का कुशल आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों विशेषकर माताओं और बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आरोग्य के प्रति जागरूक किया गया।

1. ग्राम केंद्र आचार्य दीदी पिंकी उइके ने जानकारी दी कि एकल अभियान विगत कई वर्षों से ग्राम-ग्राम में हरि कथा के माध्यम से जीवन मूल्यों से परिपूर्ण शिक्षा, संस्कार और संस्कृति के सिंचन का कार्य कर रहा है। एकल संस्कार केंद्र वनवासी जनजाति की अस्मिता और जीवन पद्धति को सशक्त करने के साथ ही ग्रामीण आरोग्य की दिशा में भी कार्यरत है। इसी क्रम में संस्कार केंद्रों पर समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
2. स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में संच प्रमुख छोटू यादव, गतिविधि प्रमुख सोनू यादव, अभियान प्रमुख पप्पू ऊपराले एवं अन्य टोली के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। ये कार्यकर्ता सतत प्रवास के माध्यम से विभिन्न ग्रामों में स्वास्थ्य शिविरों का सफल संचालन कर रहे हैं।
3. एकल हरि कथा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बिलगैया ने बताया कि संस्कार केंद्र के माध्यम से पौधा रोपण, खेलकूद गतिविधियां, स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम स्वच्छता, तुलसी पौधा रोपण जैसे अनेक विषयों पर भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही राम कथा, अखंड भारत स्मृति दिवस, श्री कृष्णा कथा जैसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों में सांस्कृतिक चेतना का संचार किया जा रहा है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ लिया। ग्रामीणों ने एकल अभियान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।